राजस्थान

Rajasthan News: भीलवाड़ा में गर्भवती पत्नी की हत्या मामले में पति गिरफ्तार, बेटी का चौंकाने वाला बयान

Rajasthan News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बीएसएल कॉलोनी में एक व्यक्ति ने अपनी पांच महीने की गर्भवती पत्नी की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

14 साल की बेटी ने खोला पूरे मामले का राज

इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण गवाही दंपति की 14 वर्षीय बेटी की रही। उसने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पिता सुबह से ही उसकी मां को लगातार पीट रहे थे। दिनभर रुक-रुककर मारपीट की जाती रही। बच्ची ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पिता बाजार से गर्भपात की गोलियां लेकर आए और जबरदस्ती उसकी मां को खिला दीं। इसके बाद महिला की हालत तेजी से बिगड़ने लगी और वह गंभीर स्थिति में पहुंच गई।

मेडिकल रिपोर्ट में क्रूरता की पुष्टि, शरीर पर कई चोटें

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने इस मामले को बेहद क्रूर बताया है। मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. चेतन कुमार के अनुसार महिला के शरीर पर एक दर्जन से अधिक चोट के निशान पाए गए हैं। चोटें सिर, चेहरा, कमर और अन्य हिस्सों पर थीं, जो लगातार हिंसा की ओर इशारा करती हैं। हालांकि किसी हड्डी के टूटने की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से लंबे समय तक मारपीट और जबरन गर्भपात के संकेत मिले हैं।

अस्पताल में नहीं बच सकी जान, चार बच्चों पर टूटा दुख

महिला को गंभीर हालत में महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया था, जहां अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों ने बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद मृतका के परिजन उत्तर प्रदेश से भीलवाड़ा पहुंचे। बताया जा रहा है कि दंपति के चार बच्चे हैं, जो घटना के समय घर पर ही मौजूद थे। पुलिस अब मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button